Latestदेशप्रदेश

उज्जैन में 65 साल की महिला की मौत, इंदौर के एमवाय अस्पताल में आज ही संक्रमण की पुष्टि हुई थी

उज्जैन. कोरोना संक्रमण से बुधवार को मध्य प्रदेश में पहली और देश में 12वीं मौत हुई।उज्जैन की 65 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसे पहले सांस लेने में तकलीफ थी और तीन दिन पहले इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था। संदिग्ध लगने पर सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार देर रात पॉजिटिव आई। इसके बाद पुलिस ने उज्जैन में उनके घर और आस-पास के इलाके को सील कर दिया।

उज्जैन सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया कि महिला के परिजन उसे 22 मार्च को चैरिटेबल हॉस्पिटल लाए थे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए माधवनगर अस्पताल भेज दिया गया। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। उसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिली। महिला संक्रमित कैसे हुई, उसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। महिला की किसी भी तरह की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। महिला के परिवार में 12 लोग हैं, जिसमें से 11 लोगों को भी जांच के लिए ले जाया गया है। जबकि महिला के परिवार का एक व्यक्ति घर से भाग गया है। स्वास्थ्य विभाग को चिंता है कि अगर वह दूसरों के संपर्क में आया तो संक्रमण फैलने का खतरा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

इंदौर में भी चार लोग कोरोना संक्रमित मिले
इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि मंगलवार रात को पांच लोगों की कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसमें एक उज्जैन की महिला थी, जिनकी मौत हो गई। जबकि चार अन्य मरीज इंदौर के ही अलग-अलग इलाकों में रहते हैं। इन चार में एक महिला है, जबकि तीन पुरुष हैं। महिला की उम्र 48 साल है जबकि तीन पुरुषों की उम्र 48 साल, 68 साल और 65 साल है। इन चारों में किसी ने भी पिछले दिनों विदेश यात्रा नहीं की। संक्रमित मिले दो पुरुष दोस्त हैं और उन्होंने पिछले दिनों साथ में वैष्णोदेवी यात्रा की थी।

इंदौर में अब तक 222 लोग होम क्वारैंटाइन
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 21 सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से इंदौर से 13 और आसपास के जिलों के 8 सैंपल हैं। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में इनकी जांच की गई। इंदौर में 222 लोग होम क्वारैंटाइन हैं। जबकि 14 की रिपोर्ट आना बाकी है।

मध्य प्रदेश में संक्रमितों की संख्या अब 15 तक पहुंची
प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या अब 15 तक पहुंच गई है। जबलपुर में छह, इंदौर में चार, भोपाल में दो, ग्वालियर और शिवपुरी में एक-एक संक्रमित मिले हैं। वहीं, उज्जैन में संक्रमित मिली महिला की मौत हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button