UP में आंधी-तूफान की आशंका, मौसम विभाग की चेतावनी के बाद निर्देश जारी

सहारनपुर। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को अलग-अलग जगहों पर आंधी-तूफान की आशंका व्यक्त की है। अनुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई पश्चिमी और पूर्वी जिलों में अगले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने के आसार हैं। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। राज्य सरकार ने जिला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार अगले दो दिनों के अंदर तूफान और आंधी आने की आशंका है। दोनों दिन तेज धूप निकलेगी, लेकिन तेज हवाओं की वजह से इसका असर कम रहेगा। आगरा, मध्य उप्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 व 14 मई को भी मौसम खराब हो सकता है। कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है। उप्र के राहत आयुक्त संजय कुमार ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं मंडालायुक्तों को निर्देश जारी कर सतर्क रहने का निर्देश जारी किया है।
इसी हफ्ते राज्य के विभिन्न हिस्सों में आए आंधी-तूफान से 18 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 27 अन्य घायल हो गए थे। पिछले सप्ताह भी तेज आंधी और तूफान की वजह से 80 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें आगरा सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ था। पिछली बार आंधी तूफान की वजह से राज्य में कई स्कूल एहतियातन बंद रखे गए थे।



